Friday, January 7, 2011

कोई भी काम, एनी टाइम, मैं हूँ ना

मैं पत्रकार हूँ। यह आपके लिए रहस्योघाटन नहीं है। नये व्यक्ति से परिचय करते हुए मैं अमूमन अपना नाम, संस्थान का नाम और पद जरूर बताता हूँ। आज भी यही हुआ। दफ्तर जाने के दौरान एक अधेड़ शख्स ने मुझसे लिफ्ट माँगी। मैंने उन्हें अपनी गाड़ी पर बैठा लिया जो मैं अकसर करता हूँ। सो मैंने यह कहते हुए कि मैं नईदुनिया कार्यालय तक जा रहा हूँ , पूछ लिया कि आपको कहाँ जाना हैं? उन्होंने बताया कि अयोध्या नगर जाना है, लेकिन आप तो मुझे छोड़ेगें नहीं? जी हाँ कहते हुए मैंने असमर्थता जता दी।

उन्होंने लोक परिवहन न होने पर पहले तो शासन को कोसा मेरे यह कहने पर कि कुछ हद तक तो हम भी दोषी हैं, उन्होंने मुझसे सहमति जताई। बातचीत चल पड़ थी तो कुछ और बातें हुईं। बात बढ़ती मँहगाई और आम आदमी के खर्च की कम सीमा तक आ गई। मैंने कहा पैसे की जरूरत तो सभी को होती है लेकिन आज कल घोटाले कई सौ करोड़ में होते हैं। यह जरूरत नहीं, लोभ है। उन्होंने फिर मेरी बात से सहमति जताई।

इतनी देर में हम मेरे दफ्तर तक आ पहुँचे। गाड़ी से उतरते हुए उन्होंने कहा कि मैं भी एक पत्रकार हूँ। जिस अखबार/पत्रिका का नाम लिया वह नामालूम सी है। मैं अगला कोई बात सोच पाता इसके पहले उन्होंने कहा कि मैं हर तरह का काम करवा सकता हूँ। कहीं का भी। किसी राज्य या केन्द्र के किसी विभाग में कोई तबादला, नियुक्ति, जाँच सब। पैसा बाद में लेता हूँ। आप केस बताएँगे तो आपको भी हिस्सा मिल जाएगा। आखिर पैसों की जरूरत तो आपको भी होगी?
मैं हतप्रभ था...कुल जमा 2 किमी की यात्रा में इतना लंबा परिचय कैसे हो गया कि व्यक्ति ने सारे बंध्ान, सारे लिहाज तोड़ते हुए साफ सौदेबाजी शुरू कर दी।

मैं खड़ा रहा, उन्होंने मोबाइल नंबर बताया और कहा- आप भोपाल को देखते हैं। मैं केन्द्र के काम करवा सकता हूँ। मुझे मेरी सीमाएँ नजर आ रही थीं और भ्रष्टाचार का खत्म होता शिष्टाचार दिखाई दे रहा था। मैं इस धुँधलके में अपना अक्स खोज रहा था।

 खैर है, मैं साबूत हूँ, अपने साथ।

Sunday, January 2, 2011

बिनायक किस पार्टी से हैं?

भोपाल में बिनायक के लिए जन समूह इकट्ठा हुआ था। इस कार्यक्रम की पड़ताल करने आए आईबी के लोग पड़ताल करते नजर आए कि बिनायक किस पार्टी से जुड़े हैं?
उन नासमझो का यह सवाल इसलिए था कि वहाँ सरकार के खिलाफ नारे लग रहे थे और नारे लगाने वाले वे चेहरे थे जो जनसंघर्ष की पतवार थामते हैं। हम, मैं और जिनसे सवाल पूछा गया था सचिन जैन, एक पल असमंजस में रहे कि क्या जवाब दें? क्या बताएँ कि बिनायक किस पार्टी के हैं?



क्या आप जानते हैं, बिनायक सेन कौन है? बिनायक सेन...राजद्रोही या जनसेवी? अगर इस सवाल पर विचार नहीं किया तो सच मानिये समय आपका भी अपराध्ा लिख रहा है। क्यों? भारतेन्दुजी कह गए है-'समर शेष है नहीं पाप का भागी केवल व्याघ्र। जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध्ा।" अपराध्ा इस बात का नहीं होगा कि हमने बिनायक सेन का साथ क्यों न दिया, अपराध्ा तो यह है कि हमने बिनायक के 'अपराध्ा" को जानने तक की तकलीफ नहीं उठाई।

बिनायक की बात करने के पहले आपको एक किस्सा सुना चाहता हूँ। किस्सा कुछ यूँ हैं कि गुरू गोविंद सिंह के भाई घनैयाजी संघर्ष के दिनों में गुरू सेना को पानी पिलाया करते थे। इस दौरान जब विरोधी सेना का प्यासा सिपाही मिल जाता तो वे उसे भी पानी पिला देते थे। गुरू गोविंदसिंह से शिकायत हुई तो भाई घनैयाजी ने जवाब दिया मुझे तो केवल प्यासा दिखाई देता है। अपने या दुश्मन में भेद कैसे करूँ?

इस नजीर को ध्यान में रख कर मेरी बात सुनियेगा, जानियेगा और फिर बताईयेगा कि क्या बिनायक दोषी हैं?

बिनायक सेन को छत्तीसगढ़ के ट्रायल-कोर्ट द्वारा उम्रकैद की सजा देना इसलिये नही चौंकाता है कि हमें राजसत्ता से उनके लिये रियायत की उम्मीद है। अचरज और डर तो इस बात का है कि न्याय का मंदिर सवालों के घेरे में आ गया। आम आदमी की क्या मजाल कि वह न्यायपालिका पर सवाल उठाए, ये सवाल तो न्यायपालिका के पूर्व अगुआ भी उठा रहे हैं।

बिनायक के काम को करीब से देखने वाले जानते हैं कि वे गरीबों की चिकित्सा, उनके स्वास्थ्य हालातों को बदलने में विश्वास करते थे। गुस्सा इसलिए भी है कि एक सैन्य अफसर का बेटा, गोल्ड मेडलिस्ट छात्र पूंजीपति सत्ता का चारण न बन कर जन संवेदनाओं का वाहक बना और बदले में उसे भी सत्ता का वही आचरण झेलना पड़ा जो लोकतंत्र के तमाम समर्थकों को पूरे विश्व में झेलना पड़ता है। बहुत ज्यादा को थोड़े में बताने की जो समस्या हमारे समक्ष होती है वैसी उलझन इस वक्त मेरे सामने बिनायक के काम को बताने को ले कर है। कुछ लफ्जों में कहूँ तो बिनायक ने उन बच्चों की परवाह की जिन्हें सरकार ने मरने के छोड़ दिया था।

बिनायक का जुर्म इतना कि आदिवासियों के लिए काम करते हुए उनके अधिकारों की बात की।

सत्ता की मंशा बिनायक को खत्म करना नहीं है। वो तो बिनायक को कैद रख, न्याय की प्रक्रिया पूरी कर, दंड दे कर असल में जन श्रद्धा को तोड़ना चाहती है।

Thursday, December 30, 2010

गुलाबी चूड़ियाँ

नागार्जुन की कविता -



प्राइवेट बस का ड्राइवर है तो क्या हुआ,

सात साल की बच्ची का पिता तो है!

सामने गियर से उपर

हुक से लटका रक्खी हैं

काँच की चार चूड़ियाँ गुलाबी

बस की रफ़्तार के मुताबिक

हिलती रहती हैं…

झुककर मैंने पूछ लिया

खा गया मानो झटका

अधेड़ उम्र का मुच्छड़ रोबीला चेहरा

आहिस्ते से बोला: हाँ सा’ब

लाख कहता हूँ नहीं मानती मुनिया

टाँगे हुए है कई दिनों से

अपनी अमानत

यहाँ अब्बा की नज़रों के सामने

मैं भी सोचता हूँ

क्या बिगाड़ती हैं चूड़ियाँ

किस ज़ुर्म पे हटा दूँ इनको यहाँ से?

और ड्राइवर ने एक नज़र मुझे देखा

और मैंने एक नज़र उसे देखा

छलक रहा था दूधिया वात्सल्य बड़ी-बड़ी आँखों में

तरलता हावी थी सीधे-साधे प्रश्न पर

और अब वे निगाहें फिर से हो गईं सड़क की ओर

और मैंने झुककर कहा -

हाँ भाई, मैं भी पिता हूँ

वो तो बस यूँ ही पूछ लिया आपसे

वर्ना किसे नहीं भाएँगी?

नन्हीं कलाइयों की गुलाबी चूड़ियाँ!

Wednesday, December 29, 2010

मुझमें अटकी हैं आपकी साँसें

 पत्रकार साथी मोहम्मद फैजान के खींचे फोटो पर अपनी बात 

'मैं कभी भी गिर पडूँगा क्योंकि मेरे पैरों के नीचे की जमीन लगातार कम पड़ रही है। मुझे गिराने वाले हाथ तुम्हारे हैं और खतरा तुम पर भी है लेकिन तुम इस खतरे से अनजान हो। दुष्यंत के बोल में कहूँ तो -तुम्हारे पाँव के नीचे कोई जमीन नहीं/कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं।"

भोपाल की कलियासोत नदी में खड़ा यह पेड़ अगर बोल सकता तो शायद यही कहता। संभव है वह ठहाके मार इंसान के स्वार्थ पर मखौल उड़ाता। आखिर हम से ज्यादा स्वार्थी कौन होगा जो थोड़े से मुनाफे की खातिर अपने जीवन सहायक तंत्र को ही खत्म करने पर तूला है? इंसान सियासी भी है और स्वार्थी भी, तभी तो जिससे प्यार जताता है उसकी को काटता है।

यकीन न आए तो केवल नर्मदा पाइप लाइन बिछाने के दौरान काटे गए पेड़ों का हिसाब देख लीजिए। जवाब मिलेगा- 11 सौ पेड़। बीआरटीएस के तहत सड़क चौड़ी करने के लिए 2 हजार 333 और बीना से भोपाल के बीच तीसरी रेल लाइन के लिए 20 हजार पेड़ काटे जाएँगे। नानके पेट्रोल पम्प के सामने बाजार बनाने के लिए 78 हरे वृक्षों को मार दिया गया है। इन में उन पेड़ों का हिसाब नहीं है जिन्हं आपका आशियाना बनाने या सजाने के लिए काटा गया।

आप जानते हैं, भोपाल की हरियाली खत्म हो रही है। यकीन न हो तो इस रविवार कोलार, हथाईखेड़ा डेम, रायसेन रोड, भदभदा रोड, लहारपुर, बैरागढ़ चिचली, गोरा, बरखेड़ी कलां, फतेहपुर डोबरा, नीलबड़, बोरवन, खजूरीकलां व आसपास घूम कर तो आईए, सब पता लग जाएगा। यहाँ कॉलोनियां और शिक्षण संस्थानों के भवन बन रहे हैं और इन्हें भू उपयोग परिवर्तन की अनुमति उसी संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश ने ही जो पुराने पड़ चुके नए मास्टर प्लान के मसौदे में इस भूमि को कृषि और हरी भूमि मान रहा है!

अगर यह पेड़ बोल सकता तो जरूर कहता-

'आप मुझे तो नहीं बचा सकते लेकिन उन पेड़ों को जरूर बचा लीजिए जो आपके शहर में हरदिन काटे जा रहे हैं। वे पेड़ जिन्हें आपके पुरखों ने रोपा था कि आपको शुद्ध वायु मिल सके। अगर अभी नहीं जागे तो आपके बच्चों को साँस लेने में तकलीफ होगी।"