Wednesday, December 19, 2012

हादसों के बीच अमेरिका जैसा आपदा प्रबंधन यहां भी दिखेगा?


अमेरिका के कनेक्टिकट के न्यूटाउन शहर के एक स्कूल में बरसाई गईं गोलियों के कारण 18 बच्चों की मौत ने पूरी दुनिया को हिला दिया। इस जघन्य हत्याकांड का एक मानवीय पक्ष भी था। स्कूल के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने सतर्कता, कर्मठता और मानवता की अनूठी मिसालें पेश कीं। इसी वजह से स्कूल के कई बच्चों की जान बचाई जा सकी। यह सवाल उठना अस्वावाभिक नहीं है कि यदि ऐसा कोई  दुर्भाग्यपूर्ण हादसा अगर हमारे देश में हो तो क्या यहां भी मानवीय आपदा प्रबंध्ान का वैसा ही कौशल देखने को मिलेगा?
अमेरिका के सैंडी हुक एलिमेंट्री स्कूल की प्राचार्या डॉन हॉकस्प्रंग जब एक मीटिंग के बाद कमरे से निकलीं तो उन्होंने एक 20 वर्षीय युवक को हाथों में बंदूक लिए देखा। वे उसका इरादा भांप चुकी थी। उन्होंने तुरंत अपने साथी शिक्षकों को बाहर न निकलने के लिए कहा। वे दरवाजा बंद करने की चेतावनी दे कर मुड़ी ही थी कि उन्हें गोली मार दी गई। प्राचार्य ने खुद भागने की जगह पहले अपने साथियों की जान बचाने के लिए उन्हें चेतावनी देना जरूरी समझा। स्कूल की शिक्षिका विक्टोरिया सोटो ने बच्चों को बचाने के लिए हमलावर से झूठ बोला कि बच्चे जिम में हैं, जबकि उन्होंने छात्रों को बाथरूम में छिपा दिया था। इस तरह कई बच्चों की जानें तो बच गईं, लेकिन वो खुद को नहीं बचा सकीं।
अमेरिकी मीडिया ने खुलासा किया है कि स्कूल के ही एक प्रमुख अध्ािकारी ने गोलियों की बरसात के बीच सभी कक्षाओं में जा कर यह देखा कि वहां के दरवाजे बंद है या नहीं। स्कूल के पुस्तकालय में भी कई बच्चे थे। वहां के कर्मचारियों को स्कूल के आध्ाुनिक पब्लिक इंफर्मेशन सिस्टम से जानकारी मिली थी कि स्कूल परिसर में एक बंदूकधारी घुस आया है। कर्मचारियों ने हड़बड़ी में कोई गलत कदम उठाने की जगह समझदारी से काम लिया और छात्रों को पुस्तकालय के अंदर ही सुरक्षित रखने की व्यवस्था की।
दिखने में ये प्रयास छोटे लगें, लेकिन इन छोटी-छोटी साहसी घटनाओं ने इस हादसे के हताहतों की संख्या को कम रखा। मुंबई पर 26/11 को हुए हमले भी कुछ ऐसे ही साहस के कारनामे सामने आए थे लेकिन सवाल यह है कि क्या हमारे यहां ऐसा कोई हादसा हो जाए तो हम ज्यादा जान बचा पाने में सक्षम हैं? क्या हमारे यहां सतर्कता का यह स्तर देखने को मिलेगा? इस सवाल को उठाने के पीछे मेरा मकसद किसी व्यक्ति की सूझबूझ या कर्मठता पर सवाल उठाने का नहीं बल्कि इस सवाल के पीछे उस सच को उजागर करने की कोशिश है, जो हमारी व्यवस्था को पंगु बनाता है। मसलन, उन परिवारों के घाव अभी तक हरे हैं जिनके बच्चों की दो माह पहले भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में गलत इंजेक्शन लगाए जाने से मौत हो गई थी। अक्टूबर में कोलकाता के सरकारी अस्पताल में 13 बच्चों की मौत होती है तो वहीं के बर्दमान मेडिकल कॉलेज में उसी हफ्ते 12 नवजात दम तोड़ देते हैं।
लापरवाही का यह स्तर बार-बार सामने आता है। हालांकि अमेरिका और भारत की परिस्थितियों में बड़ा अंतर है। वहां एक हमलावर बंदूक लेकर स्कूल में घुस जाता है जबकि भारत में बच्चों की जान लेने के लिए बेटे की चाह, हमारे अस्पतालों का लचर तंत्र, जर्जर स्कूल भवन, कंडम स्कूल वाहन, तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने के शौकीन स्कूल बस और वेन चालक जैसे कारण ही काफी हैं । मनोचिकित्सक मानते हैं कि भारत में भी तनाव का स्तर बढ़ रहा है और यह लोगों को आक्रामक और हिंसक बना रहा है। स्कूल के शिक्षक भी इससे अछूते नहीं हैं । यही कारण है कि स्कूलों में बच्चों को मौत होने जाने तक बेरहमी से पीटा जाता है।
सुधार की तमाम कोशिशें तंत्र की चौखट पर जा कर दम तोड़ देती हैं। अमेरिका के एक स्कूल में हादसे की क्या बात करें, हमने तो विश्व की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदी भोपाल गैस कांड से भी कोई सबक नहीं लिया है। गैस कांड के बाद भोपाल में आपदा प्रबंधन संस्थान स्थापित किया गया जो मप्र सहित सात से ज्यादा राज्यों में आपदा प्रबंधन की सलाह और सुझाव देता है लेकिन इस संस्थान की कई अनुशंसाएं  कभी मानी नहीं गईं। जैसे, कारखानों और सावर्जनिक दफ्तरों के कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए लेकिन किसी को भी प्रशिक्षण नहीं दिया गया। पिछले दिनों आगजनी की घटनाओं के बाद जब भोपाल नगर निगम ने बड़ी इमारतों की जांच की तो नामचीन व्यावसायिक और रहवासी बहुमंजिला इमारतों में आग सहित अन्य आपदाओं से निपटने के साध्ान नहीं मिले। लोगों को पता ही नहीं है कि अगर वहां कभी कोई दुर्घटना हो जाए तो सतर्कता बरतते हुए कौन से कदम उठाए जाना चाहिए? फिर,मानवीय गलतियों और सोची समझी वारदातों से निपटने का व्यवहारिक ज्ञान और कौशल कहां  से आएगा?

Monday, December 10, 2012

कैसा नेतृत्व चाहिए अनुभवी युवा या जवां बुढ़ापा


अमेरिकी राष्ट्रपति बने बराक ओबामा ने पिछले चुनाव प्रचार की तरह इस बार भी खुद को युवा दिखाने की पूरी कोशिश की। स्टेज पर दौड़ कर चढ़ना और चुस्ती-फुर्ती के साथ हर व्यवहार करना इसलिए भी जरूरी था कि अमेरिका अपने राष्ट्रपति या नेता को बुजुर्ग नहीं देखना चाहता। यह कोई आज की भावना नहीं है। अमेरिका के 35 वें राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी को सबसे युवा राष्ट्रपति का दर्जा दिया गया था लेकिन 1961 में बुजुर्गों को पीछे छोड़ राष्ट्रपति बने कैनेडी की मौत के बाद राज खुला कि स्वास्थ्य के लिहाज से वे उतने युवा थे नहीं जितने माने जा रहे थे। उन्हें 13 साल की उम्र में कोलाइटिस हुआ था और राष्ट्रपति बनने के पहले पीठ के दो ऑपरेशन असफल हो चुके थे। दर्द से बचने के लिए उन्हें भारी मात्रा में स्टेराइड लेना पड़ता  था। लेकिन जनता के सामने झूठी छवि बनाए रखने के लिए उन्होंने जीते जी यह सच सामने नहीं आने दिया।

इस भूमिका के साथ इस मुद्दे पर बहस की शुरूआत की जाना चाहिए कि हमारे यहां राजनीति दलों के संगठन और सरकारों का नेतृत्व कैसा हो? यह सवाल इसलिए भी जरूरी हो जाता है कि गुजरात में चुनाव की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही केन्द्र के लिए भी नई सरकार चुनना है। हरबार तत्कालीन नेतृत्व को खारिज करने के लिए गिनाए जाने वालों कारणों में जो एक उभय कारण होता है- उम्र। युवा नेतृत्व की मांग हर समय में की जाती रही है और परिवार से लेकर राजनीति तक पीढ़ियों का यह विवाद खुल कर सामने आता रहा है। दोनों पीढ़ियां एक-दूसरे को कमतर दिखाने और खारिज करने में कोई कसर नहीं छोड़ती।

सवाल यह है कि युवा नेतृत्व के नाम पर क्या दशकों के अनुभव, व्यवस्था से काम करवाने के कौशल, जनता की भावना को समझने और उसके अनुरूप काम करने की कुशलता, पार्टी की विचारधारा की समझ जैसे तमाम गुणों को भूला देना चाहिए? युवा होना क्या उम्र से कम होना ही है? क्या उम्र से छोटा दिखने की जगह विचारों से युवा होना ज्याद जरूरी नहीं है? क्या समय के अनुरूप खुद को और काम करने के ढंग को बदलने की ललक और क्षमता व्यक्ति को हमेशा युवा नहीं बनाए रखती?

विचारों का उम्र से क्या संबंध? अगर यह माना जाए कि उम्र के कारण व्यक्ति की ऊर्जा घट जाती है और मामलों को समझने-हल करने के तरीके में जड़ता आ जाती है तो 'बुजुर्ग" प्रधानमंत्री  मनमोहन सिंह आर्थिक विकास के लिए सुधार जैसे युवा फैसले क्यों ले पा रहे हैं?

ज्यादा दिन नहीं हुए जब भाजपा अपने अधिकांश फैसलों के लिए लालकृष्ण आडवाणी पर निर्भर हुआ करती थी। आज भी उनके बदले पार्टी युवा नेतृत्व खोज रही हैं लेकिन वैसा युवा चेहरा मिल नहीं रहा।

असल में युवा विचारों और क्रियाकलापों से हुआ जाता है, उम्र से नहीं। हमारे बीच में कम उम्र के ऐसे कई साथी मिल जाएंगे जिनमें कुछ नया करने या प्रचलित में बदलाव करने का जरा सामर्थ्य नजर नहीं आता है और ऐसे कई बुजुर्ग मिल जाएंगे जो समय के अनुरूप क्रांतिकारी बदलाव करने की क्षमता रखते हैं। एक छोटा से उदाहरण ही देंखे-अधिकांश बुर्जुग नेताओं ने जरूरत समझते हुए तत्काल मोबाइल और संवाद-संचार की आधुनिक तकनीक को अपनाया और खुद को आत्मनिर्भर भी बना लिया लेकिन जब पूछा जाए कि कितने युवाओं ने खासकर राजनीति में वरिष्ठों-सी परिपक्व सोच का नमूना पेश किया है तो जवाब देने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।

तमाम पार्टियां नेतृत्व की सेकेण्ड और थर्ड लाइन को लेकर संकट में है और यह संकट केवल मुख्य पार्टी का ही नहीं बल्कि विद्यार्थी और युवा जैसे अनुषांगिक संगठनों का भी है। वर्तमान नेतृत्व को हटाने और टिकट पाने के लिए खुद को युवा बताने की होड़ लगती है लेकिन नेतृत्व तय करते समय हमें यह सोचना होगा कि हम विचारों से युवा नेता चुन रहे हैं या युवा दिख रहे नेतृत्व में बुढ़ापा आगे बढ़ा रहे हैं। यह चुनौती दलों के लिए भी है और हमारे लिए भी।

Saturday, November 10, 2012

'जब तक है जान' के बहाने खूब याद आएंगे यशजी


'कुछ सुरीले बेसुरे गीत मेरे/कुछ अच्छे बुरे किरदार/वो सब मेरे हैं., उन सबमें मैं हूँ/बस भूल न जाना, रखना याद मुझे..जब तक है जान।"

हिन्दी फिल्म जगत के पर्याय बन गए फिल्मकार यश चोपड़ा ने आखिरी बार सार्वजनिक रूप से यही शब्द कहे थे । किसे पता था कि 13 नंवबर को रिलीज हो रही जिस फिल्म 'जब तक है जान" के साथ यशजी अपनी सेवानिवृत्ति की तैयारी कर रहे थे वह फिल्म उनकी आखिरी फिल्म बन जाएगी। इस दीपावली यशजी जैसी शख्सियत के बिना रोशनी कुछ कम होगी, हां उनकी फिल्म उनकी मौजूदगी का अहसास जरूर करवाएगी।
यशजी को प्रेम का चितेरा । इसका कारण यह है कि उनक फिल्मों में जीवन ध्ाड़कता है। कलाकार और उनके संवाद ही नहीं, शूटिंग लोकेशन, गाने, फिल्मांकन का तरीका और नजरिया, उन्हें सबसे अलग खड़ा करता है। साहसी और प्रयोगशील फिल्मकार। 1973 में प्रकाश मेहरा ने 'जंजीर" बनाकर अमिताभ बच्चन को एक गुस्सैल नौजवान की छवि तो प्रदान की लेकिन यशजी ने ही 'दीवार", 'त्रिशूल" और 'काला पत्थर" बना कर अमिताभ की इस छवि को पुख्ता किया था। दूसरी तरफ, अमिताभ को 'कभी-कभी" और 'सिलसिला" जैसी रोमांटिक फिल्में भी यश चौपड़ा ने ही दीं। इन दोनों फिल्मों में भी अमिताभ का गुस्सा और गुरूर था लेकिन उसे यशजी ने अलग सांचे से बुना था।
'चांदनी" भी प्रयोग के लिए जानी जाती है। स्टार जूही चावला को महज ढाई मिनट का रोल दिया तो एक्शन हीरो विनाद खन्ना नए चेहरे के साथ प्रस्तुत हुए।  श्रीदेवी को भी हाल ही में आई फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश" से पहले इतना 'परफेक्ट" फिल्म चांदनी में ही माना गया। शाहरुख खान के लिए वे गॉड फादर थे। 'दिल तो पागल है" ने शाहरुख के करियर को नई ऊंचाइयां दी थीं। वही शाहरूख आज जब लड़खड़ाते करियर से परेशान हैं तो फिर यशजी ही साथ हैं 'जब तक हैं जान" ले कर। माना जा रहा है कि 'दिल तो पागल है" ने जिस तरह माधुरी दीक्षित के करियर को नई जिंदगी दी थी, वैसे ही यह फिल्म शाहरुख को संजीवनी देगी।
फिल्म चाहे जो परिणाम दे लेकिन असल बात यह है कि अब के बाद यशजी और उनका काम नजर नहीं आएगा। उनका जाना असल में उस प्रयोगवादी सिनेमा की क्षति है जिसे उन्होंने कमर्शियल होते हुए भी बुना और सफल किया।

Sunday, October 7, 2012

ये हरियाली धोखा है, तू जल्दी चला जा



प्यारे तेंदुए
मेरा नाम टोनी है... मैं तुझ से पहले जंगल में आया था इसलिए मुझे अपना बड़ा भाई समझ। इनदिनों वन विहार में हूँ। जब से पता चला है कि तू इंसानों की बस्ती की ओर चला आया है तब से चिंता हो रही है। 
मुझे लगता है तू बच्चा ही है, जो इतनी बड़ी बात भी नहीं समझ पाया कि अपना घर सिमट गया। अरे नादान! अब इतना बड़ा जंगल हमारे लिए कहाँ? हमारे घर में इंसान का कब्जा हो गया है। तू यहाँ से जल्दी चला जा, वरना ये पशुभक्षी इंसान तुझे भी मार डालेंगे या मेरी तरह तुझे भी पकड़ कर वन विहार जैसे बड़े से कैद खाने में बंद कर देंगे। तू आजाद है, आजाद रह। अपनी जान की परवाह कर। मत मान कि जितना जंगल है वह सब अपना है। प्रकृति पर हमारा बराबरी का हक है लेकिन इंसान सब हड़पना चाहता है तो हमें ही समझना होगा। भोजन न मिले तो थोड़े में गुजारा कर...लेकिन बस्ती की तरफ मत आया कर। 

एक बात बता, तूझे अचरज नहीं हुआ जब मैंने कहा कि मैं टोनी हूँ। अरे! हमारे नाम होते हैं क्या? यह नाम रखना तो इंसानों की फितरत है। दो साल पहले वन विहार लाया गया हूँ तब से मुझे यह नाम मिला है। क्या पूछते हो? कैसे आया वन विहार? मैं भी तुम्हारी तरह था, थोड़ा नासमझ। एक दिन बहुत भूख लगी। कई दिनों से शिकार नहीं मिला तो खोज में चला आया कलियासोत की तरफ। मुझे क्या खबर थी कि इतने जंगल में भी इंसान आ बसे हैं। मुझे देख जो हल्ला हुआ कि मैं घबरा गया। तुरंत एक पहाड़ी पर चढ़ गया। क्या बताऊँ उस दिन क्या हुआ। जोर की आवाजें मुझे डरा रही थी। मैं बुरी तरह घबरा गया था। करीब आ रहे एक इंसान को भगाने के लिए हमला किया तो भीड़ मेरे पीछे पड़ गई। मुझे कुछ समझ ही नहीं आया। बौखला कर फिर पहाड़ी पर जा छिपा। मेरे निकलने के सारे रास्ते बंद थे। भूख भी बहुत लग रही थी। लग रहा था, वहाँ से न निकला तो मर ही जाऊँगा। रात में हिम्मत कर बाहर निकला। कोई नहीं था। मैं रास्ता खोज रहा था कि एक स्वादिष्ट बकरा दिखाई दिया। मानो मेरी को मुराद पूरी हो गई। पर मुझे क्या पता था, वह धोखा है। बकरा मिला जरूर लेकिन उस दिन खाने के लालच में मैं पिंजरे में कैद हो गया। तब से यहाँ वन विहार में लाया गया हूँ।

कहने को तो वन विहार जैसी जगहों पर आराम ही आराम है। समय पर खाना मिलता है लेकिन भाई वो जंगल सी मौज कहाँ? यहाँ घूमने आने वाले लोग हमें परेशान करते हैं। वन विभाग का अमला भी हमें सुरक्षा नहीं दे पाता। कई बाघ लीवर की खराबी से चल बसे। डर लगता है मुझे ही यहाँ का माँस खाने से कोई बीमारी न हो जाए। मैं तो यहाँ आ कर शिकार करना ही भूल ही गया। मुझे एक बाड़ा मिला है जो लगता तो जंगल जैसा है लेकिन पिंजरे से कम नहीं है। जहाँ चाहूँ वहाँ जाने की आजादी नहीं। अहा! कैसे थे वे जंगल के दिन। काश, मैं आजाद होता, अपने वन में। 
मैं जानता हूँ, इंसान कभी हमारा भोजन नहीं रहा। हम तो कभी उसे खाना पसंद नहीं करते लेकिन हमारा भोजन जिन घास के मैदानों और जंगल में होता था उन्हें उजाड़ दिया गया। इंसान खुद जंगल तक आ गया। अंग्रेज जब हमारे जंगलों और वन्यजीवों का खत्म कर रहे थे, तब हम तेंदुओं को आवास और भोजन दोनों की ही कमी महसूस हुई। मजबूरन हमें मानव बस्तियों के आसपास आना पड़ा। इन्हें क्या पता, बस्तियों के पास रहना और इंसानों के साथ तालमेल बिठाने में हमें कितनी परेशानी हई। हम तो अब भी इंसानों को खाना पसंद नहीं करते लेकिन वह हम पर हमले करता है, हमें घेर कर मारता है।
तू भी जल्दी से चला जा। भीड़ बहुत खराब होती है। तू मासूम है। जब तुझ पर चारों तरफ से हमले होंगे तो बौखला जाएगा। घबराहट में किसी पर हमला कर देगा तो लोग तुझे भी आदमखोर करार देंगे और तुझे मारने का आदेश जारी हो जाएगा। अरे! मैं भी क्या कह रहा हूँ। अब आदेश कहाँ जारी होते हैं, अब तो लोग खुद तुझे मार देंगे और तेरी लाश को तमाशा बना देंगे।
मेरी बातें सुन इस बार ज्यादा बारिश हुई तो हरियाली भी खूब हुई है। समरधा , रातापानी, कोलार, केरवा से लेकर सीहोर की वीरपुर रेंज तक जैसे पुराना जंगल लौट आया। यह हरियाली हमें भटका रही है। हम नासमझ जानवर, अपनी सीमा तय करने में भूल कर बैठते हैं। तू भदभदा के पास पनपे जंगलों को भी अपना ठिकाना मान बैठा लेकिन यह अब हमारा घर नहीं रहा। अब तो यहाँ इंसान आ गए हैं। यहीं क्यों, सीहोर की वीरपुर रेंज में शिकारियों की पौ-बारह है। तुझे पता है पाँच माह पहले वीरपुर रेंज के कठौतिया में पानी पीने आया एक बाघ शिकारियों के बिछाए करंट से मारा गया था। यहीं पिछले दिनों एक बाघ शावक और मारा गया। केरवा-कलियासोत-कोलार की तरफ तेजी से शहर बढ़ रहा है। करीब 980 वर्गकिलोमीटर का रातापानी अभ्यारण्य और रायसेन की समरधा  रेंज के किनारे भी महफूज नहीं रहे। उस तरफ से इध्ार आना अब सुरक्षित नहीं है। रास्ते में बड़े लोगों के कब्जे हैं। इन्हें प्रकृति पसंद है और ये हरियाली के बीच रहना चाहते हैं। इन्हें इसकी फिक्र कहाँ कि इस सब में प्रकृति के एक अंग हम वन्य प्राणी मुसीबत से घिर जाएँगे और खत्म हो जाएँगे? इनके सुख के आगे हमारे जीवन के क्या मायने? 
क्या हुआ जो आईआईएफएम और मानव संग्रहालय की हरियाली बार-बार हमें ललचाती है। ये जंगल नहीं धोखा  है। यहाँ आ कर हम 'पशुभक्षी" इंसान का शिकार ही बनेंगे। इसलिए तुम केरवा या कोलार की ओर घने जंगलों में जाना। 
तू फिर भी न समझा हो तो एक बात बताता हूँ। तुझे पता है, नेपाल के चितवन पार्क में बाघ का रास्ता भी इंसानों ने हथिया लिया है। दिन में इंसान बाघ की पगडंडी का इस्तेमाल कर रहे हैं। बाघ कभी दिन-रात में भेद नहीं करता। वह अपने बनाए रास्ते पर ही चलता है। कभी अपनी लीक नहीं छोड़ता लेकिन इंसानों ने जब उसकी राह को अपनी पगडंडी बना ली तो बाघ केवल रात में निकलने को मजबूर हुआ। इस शोध में दो साल लगे। जब से यह शोध 'प्रोसिडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साईंस जरनल" में प्रकाशित हुआ है तब ही से वन्य प्राणी विशेषज्ञ चिंता में हैं। वे भी रह मानते हैं कि यह संसाधनॉ का बँटवारा नहीं वन्य प्राणियों के क्षेत्र पर बेजा कब्जा है। 
तुझे तो पता है न कि अपना सबसे पसंदीदा आवास घना वन है। पर प्रकृति ने हमें सामर्थ्य दिया कि हम कहीं भी रह सकते हैं। हमें रेगिस्तान में भी बस तन छिपाने के लिए थोड़ी हरियाली और खाने के लिए कुछ छोटे प्राणी चाहिए। 
ये बात इंसान नहीं समझने वाला। तू ही समझ। जंगल के जितना अंदर रह सकता है, उतना भीतर रह। वरना, चीते और बाघ की तरह हम भी लुप्त हो जाएँगे या पिंजरों में बंद सजावट का सामान बन जाएँगे।  
अभी तेरे पास वक्त है। चला जा नहीं तो तेरी भी आजादी खत्म हो जाएगी या तू भी मार दिया जाएगा।
तेरी फिक्र में हूँ।

टोनी तेंदुआ
वन विहार